डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के उमरकोट से एक माह पहले अगवा की गई 13 साल की हिंदू लड़की कल्पना मेघवार पंजाब प्रांत के बहावलपुर में मिली है।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लड़की को बहावलपुर की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे दारुल अमान (सुरक्षा गृह) भेज दिया और आदेश दिया कि अगले आदेश तक उसे किसी सुरक्षित जगह पर रखा जाए।
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तानी हिंदू कार्यकर्ता शिवा कच्छी ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिये लड़की के मिलने की पुष्टि की। रिपोर्ट के अनुसार, कच्छी ने सिंध सरकार, पंजाब सरकार, सिंध के पुलिस महानिरीक्षक जावेद आलम ओधो, पंजाब के पुलिस महानिरीक्षक राव अब्दुल करीम और संबंधित पुलिस अधिकारियों से इस मामले पर तुरंत ध्यान देने की अपील की है।