डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका से लेकर रंगपुर तक के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान इन दिनों गहरी अशांति और खौफ के साये में हैं। विभिन्न विश्वविद्यालयों के परिसरों में छात्र संगठनों के बीच हुई हिंसक झड़पों में दर्जनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।इस भयावह स्थिति ने एक बार फिर देश की शिक्षण व्यवस्था और छात्र राजनीति की हिंसक संस्कृति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह खूनी संघर्ष सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के छात्र संगठन 'जातीयवादी छात्र दल' (जेसीडी) और कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के छात्र संगठन 'इस्लामी छात्र शिविर' के बीच वैचारिक वर्चस्व और परिसर में दबदबे को लेकर शुरू हुआ। रंगपुर स्थित बेगम रोकैया विश्वविद्यालय, ढाका कालेज, जगन्नाथ यूनिवर्सिटी और गवर्नमेंट मदरसा-ए-आलिया इसके मुख्य केंद्र रहे।