डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्र्ंप का बड़ा बयान सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ बातचीत सोमवार दोपहर से मध्यस्थों के जरिए शुरू होगी। ट्रंप ने इस बात पर भी जोर दिया कि खाड़ी देशों के बीच-बचाव के बाद उन्होंने ईरान पर होने वाले अपने सैन्य हमलों को फिलहाल रोक दिया है।
एयर फोर्स वन (अमरीकी राष्ट्रपति के विमान) में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने उम्मीद जताई कि बातचीत से कोई रास्ता निकल आएगा। उन्होंने कहा कि हम उनके साथ बातचीत कर रहे हैं और यह कल दोपहर से शुरू होगी। देखते हैं आगे क्या होता है। मैं कोई समझौता करना चाहता हूं, मैं लोगों की जान नहीं लेना चाहता क्योंकि इससे बहुत से लोग मारे जाते हैं।