डिजिटल डेस्क, काठमांडू। बुधवार को नेपाल में आई फ्लैश फ्लड के बाद हालात बेहद भयावह हो गए हैं। मध्य और दक्षिणी नेपाल में 200 किलोमीटर लंबे भोटे कोशी-त्रिशूली-नारायणी नदी मार्ग पर स्थित मुर्दाघर पूरी तरह से भर चुके हैं और उनकी क्षमता जवाब दे गई है।
बाढ़ में बह गए लोगों के शव जैसे-जैसे नदी के निचले इलाकों में मिल रहे हैं, प्रशासन को मजबूरी में शवों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजना पड़ रहा है। हालात इतने गंभीर हैं कि सरकारी इमारतों और सामुदायिक भवनों को अस्थायी मुर्दाघरों में तब्दील करना पड़ा है।