जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच ठगी से बचाव, शिकायत और पैसा वापस पाने की प्रक्रिया को लेकर लोगों के अनुभव मिले-जुले हैं। कॉमन कॉज और लोकनीति-सीएसडीएस की भारत में पुलिसिंग की स्थिति रिपोर्ट (SPIR) 2026 के मुताबिक, ऑनलाइन भुगतान का ज्यादा इस्तेमाल करने वालों को धोखाधड़ी वाली कॉल आने की संभावना अधिक रहती है।
रिपोर्ट के अनुसार, करीब एक-तिहाई लोगों ने बताया कि उन्हें अक्सर फर्जी डिलीवरी या ज्यादा रिटर्न वाले निवेश के नाम पर ठगी के फोन आते हैं। हालांकि, करीब 75 प्रतिशत लोगों को लगता है कि पुलिस साइबर अपराध से निपटने के लिए तैयार है। रिपोर्ट तैयार करने के लिए 16 राज्यों में 8,306 लोगों का सर्वे किया गया और 37 लोगों से विस्तृत बातचीत की गई। इनमें साइबर अपराध के पीड़ित, विशेषज्ञ, उनकी मदद करने वाले लोग और आरोपितों के परिजन शामिल थे।