टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। Asus Chromebook CX15 (CX1505CTA) को भारत में लॉन्च कर दिया गया है। ये नया क्रोमबुक ChromeOS पर चलता है और इसमें 8GB LPDDR5 RAM और 128GB eMMC स्टोरेज के साथ Intel Processor N50 दिया गया है। इसमें 15.6-इंच का फुल-HD एंटी-ग्लेयर डिस्प्ले, Wi-Fi 6 कनेक्टिविटी और बंडल Google AI Pro मेंबरशिप के जरिए गूगल के AI फीचर्स दिए गए हैं। लैपटॉप में 42Wh की बैटरी दी गई है, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि ये 12.5 घंटे तक का बैकअप देती है। साथ ही इसे US MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी का सर्टिफिकेट भी मिला है।