धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू परंपरा में किसी भी काम में सफलता और शुभ परिणाम हासिल करने के लिए शुभ-अशुभ मुहूर्त का खास ध्यान दिया जाता है। अक्सर लोग किसी भी शुभ कार्यों को करने से पहले पंचांग देखना पसंद करते हैं। पंचांग में अशुभ दिनों और मुहूर्त में कार्य करने से बचा जाता है, उसमें पंचक भी शामिल है।
पंचक से अभिप्राय पांच दिनों का अशुभ समय जब चंद्रमा धनिष्ठा, शतभिषा, पूर्वाभाद्रपद, उत्तराभाद्रपद और रेवती नक्षत्र से होकर गुजरता है। पंचक का असर इसके शुरुआती दिनों से आंका जाता है। जैसे रविवार के दिन शुरू होने वाले पंचक को रोग पंचक कहा जाता है, जबकि सोमवार को शुरु हुए पंचक का नाम राज पंचक होता है। आइए जानते हैं इस साल सितंबर महीने में कब और किस दिन पंचक लगने जा रहा है?