धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में साल भर में मनाई जाने वाली पूर्णिमाओं में से शरद पूर्णिमा का विशेष महत्व है। हिंदू पंचांग के अनुसार, आश्विन मास की पूर्णिमा को शरद पूर्णिमा कहा जाता है। इसे कोजागरी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। कहते हैं कि इस रात चंद्रमा अपनी 16 कलाओं से परिपूर्ण होता है और उसकी चांदनी बेहद शुभ होती है।
एस्ट्रोपत्री की ज्योतिषी पूजा आहूजा के अनुसार, "शरद पूर्णिमा की रात मां लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करने आती हैं। देवी लक्ष्‍मी यह देखती हैं कि कौन जागकर उनकी आराधना कर रहा है। इसी कारण इस रात जागरण करने की परंपरा प्रचलित है। कहा जाता है कि जो भक्त सच्चे मन से मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं, उन्हें देवी का आशीर्वाद प्राप्त होता है और उनके घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।"