धर्म डेस्क, नई दिल्ली। आश्विन महीने के कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि को 'मातृ नवमी' कहा जाता है। यह तिथि पितृ पक्ष की पावन अवधि में पड़ती है और इस दौरान सभी महिला पूर्वजों का श्राद्ध किया जाता है।
जिस प्रकार से बेटे अपने पिता और पूर्वजों के लिए श्राद्ध और तर्पण करते हैं, उसी तरह से इस दिन घर की बहुएं दिवंगत महिला पूर्वजों का श्राद्ध विधि-विधान से करती हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करती हैं। इस दिन श्राद्ध के साथ दान पुण्य करने का भी विधान है।