जागरण संवाददाता, डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शिक्षकों की छोटी-छोटी गलतियों पर जवाब तलब करने वाला विभाग अपने ही अभिलेखों को दुरुस्त रखने में लापरवाही बरत रहा है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बांसी की ओर से जारी प्रशिक्षण सूची में मृतक और सेवानिवृत्त शिक्षकों के नाम शामिल होने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे शिक्षकों को भी तीन दिवसीय प्रशिक्षण में शामिल होने का निर्देश दिया गया है, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं या वर्षों पहले सेवानिवृत्त हो चुके हैं।