जागरण टीम, लखनऊ। नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को हल्की धुंध और ठंडी हवाओं का एहसास हो रहा है। वहीं, पेड़-पौधों और घास पर ओस की बूंदें भी दिखाई देने लगी हैं।
मौसम में आए इस बदलाव ने गुलाबी ठंड की दस्तक का अहसास करा दिया है। बुधवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

प्रादेशिक मौसम केंद्र के अनुसार, सुबह के समय कई इलाकों में हल्की धुंध छाई रही। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान झांसी में 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।