राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के पीएम पोषण योजना से आच्छादित सभी विद्यालयों में बच्चों को मध्याह्न भोजन के अतिरिक्त सूजी से बना मीठा हलवा और उपमा (नमकीन हलवा) दिया जाएगा। यह व्यवस्था नवंबर से फरवरी के तीसरे सप्ताह तक 14 सप्ताह चलेगी। हर शुक्रवार को इसका वितरण होगा। अवकाश होने पर अगले कार्य दिवस में दिया जाएगा। पहले और तीसरे सप्ताह मीठा हलवा और दूसरे, चौथे और पांचवें सप्ताह उपमा मिलेगा।
प्रत्येक बच्चे के लिए कम से कम 30 ग्राम सूजी का इस्तेमाल होगा। मीठे हलवे में सूजी, चीनी और चिसा नारियल तथा उपमा में सूजी, तेल, मौसमी सब्जी, मूंगफली और मसालों का प्रयोग होगा। हलवे की अनुमानित लागत सात रुपये और उपमा की चार रुपये प्रति बच्चे होगी। इसका वितरण मध्यावकाश में मध्याह्न भोजन के अतिरिक्त किया जाएगा।