जागरण संवाददाता, जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कुकुहां गांव में शुक्रवार की रात चाकू के वार से उमेश तिवारी के 15 वर्षीय पुत्र रितेश तिवारी के गंभीर रूप से घायल होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने 26 वर्षीय बिंदेश राजभर को पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना से गांव में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने को तैनात है।
कुकुहां निवासी ऋतिक राजभर टेंट लगाने का काम करते हैं। वह गांव के ही मनीष तिवारी के यहां आयोजित बहूभोज में टेंट लगाने गए थे। वहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। रात लगभग साढ़े आठ बजे रितिक राजभर ने फोन कर गांव के ही अपने मित्रों बिंदेश राजभर आदि को बुला लिया। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसी दौरान किसी ने उनमें से किसी ने चाकू से रितेश तिवारी के चेहरे पर वार कर दिया। वह लहूलुहान होकर गिर गया। हमलावर भागने लगे।