जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की PCS मेन्स-2025 परीक्षा के परिणाम को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब यह मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तक पहुंच गया है। परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नाराज उम्मीदवारों ने राज्यसभा सांसद तरुण चुघ के माध्यम से गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और परीक्षा दोबारा करवाने की मांग उठाई है।

उम्मीदवारों की ओर से सांसद तरुण चुघ को सौंपे गए मांग पत्र में बीती चार नवंबर को घोषित पीसीएस मेन्स के परिणाम पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। छात्रों ने आरोप लगाया है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी रही और कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनकी स्वतंत्र जांच जरूरी है। अभ्यर्थियों ने करीब 88 हजार उम्मीदवारों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़े इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।