डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नवंबर महीने के पहले दिन मौसम का मिजाज सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक कल यानी 2 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा। दिल्ली के किसी भी इलाके में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 2 नवंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं सुबह और शाम में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के भीतर तापमान में 5 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि अब इस हफ्ते तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है।