जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए शुल्क में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को अब पिछले वर्ष की तुलना में 120 रुपये अधिक देने होंगे।
खास बात यह है कि लगातार दूसरे साल परीक्षा शुल्क बढ़ाया गया है। पिछले दो वर्षों में हुई बढ़ोतरी को देखें तो विद्यार्थियों पर परीक्षा का आर्थिक बोझ करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ चुका है।

जैक की ओर से जारी नई शुल्क सूची के अनुसार, वर्ष 2027 की मैट्रिक परीक्षा के लिए नियमित और आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों को बिना विलंब शुल्क 1,100 रुपये देने होंगे। वहीं, सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के विद्यार्थियों के लिए यह राशि 1,300 रुपये निर्धारित की गई है। निजी श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए भी 1,300 रुपये शुल्क तय किया गया है।