विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने पेपर प्लांट की मशीन में लोहे की पट्टी डालकर उसे बंद करने के आरोप में नौकरी से बर्खास्त किए गए मेरठ निवासी शिफ्ट सुपरवाइजर अनिल कुमार शर्मा की याचिका खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी की एकलपीठ ने यह आदेश दिया है।
याची पसवारा पेपर्स (प्रा.) लिमिटेड में शिफ्ट सुपरवाइजर था। 16 फरवरी 1992 को सुबह करीब पांच बजे ड्यूटी के दौरान प्लांट की मशीनें रुक गईं। जांच में मशीन में लोहे की पट्टी फंसी मिली। घरेलू जांच के लिए चार दशक से अधिक अनुभव वाले अधिवक्ता को जांच अधिकारी बनाया गया। आरोप सिद्ध होने पर 28 मई 1992 को याची को सेवा से हटा दिया गया।