जागरण संवाददाता, धनबाद। CMPFO DHFL Scam: कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफओ) के 727.67 करोड़ रुपये डीएचएफएल में डूबने के मामले में तत्कालीन आयुक्त अनीमेष भारती, डीएचएफएल के पूर्व प्रमोटर कपिल वाधवान और धीरज वाधवान की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
झारखंड हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी), रांची ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनीमेष भारती अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सीबीआई की जांच में अब यह भी सामने आने की उम्मीद है कि आखिर किन परिस्थितियों में और किसके निर्देश पर निवेश की रकम वापस निकालने की फाइल 16 बार भेजे जाने के बावजूद निर्णय नहीं लिया गया।