जागरण संवाददाता, देहरादून। मोहब्बेवाला में जिस समय हादसा हुआ, उस समय तक कार सवारों समेत कुछ पता नहीं था। केवल तीन से चार लोगों के दबे होने की चर्चाए चलती रही। कंटेनर कार के ऊपर पलटा हुआ था तो स्थिति कुछ साफ नहीं थी। सबसे पहले कंटेनर को हटाने की मशक्कत शुरू हुई।
रेस्क्यू टीम पहुंची और दो क्रेन से कंटेनर को हटाना शुरू हुआ, लेकिन 20 मिनट से ज्यादा तक कंटेनर नहीं हटाया जा सका। कंटेनर हटाते समय क्रेन की लिफ्टिंग वायर भी टूट गई। इसके बाद यूरिया के कट्टे निकालकर वजन कम कर फिर प्रयास शुरू हुआ तो कंटेनर को हटाया गया। इसके बाद कार को काटकर शव निकाले गए।