जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अर्णब विकराल रूप धारण कर चुका है। इसकी ताकत के साथ-साथ दायरा भी बढ़ता जा रहा है। देश के करीब 70 प्रतिशत हिस्से पर इसका असर पड़ सकता है। आज जब यह आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, तब हवा की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के बड़े हिस्से में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश के आसार हैं। इससे खेती से लेकर रेल परिचालन और जनजीवन तक प्रभावित हो सकता है। सबसे ज्यादा खतरा आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में है।