जागरण संवाददाता, कानपुर। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब स्वास्थ्य सुरक्षा का दोहरा लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के लिए पांच लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा और एक लाख रुपये तक की मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
इसके साथ ही परिसर में पहली बार महिला डाक्टर की नियुक्ति की गई है। इससे विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए परिसर में ही चिकित्सकीय परामर्श मिल सकेगा। खासकर छात्राओं को महिला डाक्टर से अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां साझा करने में सहूलियत होगी।