राज्य ब्यूरो, शिमला। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे इंडी गठबंधन के प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू भी शामिल हुए। गुरुवार को प्रदर्शन के तीसरे दिन मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंचे और राहुल गांधी के साथ राजघाट तक निकाली गई यात्रा में शामिल हुए।
इसके साथ ही हिमाचल कांग्रेस ने भी चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों के साथ अपनी राजनीतिक एकजुटता जाहिर की। मुख्यमंत्री सुक्खू वीरवार सुबह करीब 11 बजे शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनका पहले वन विभाग के एक कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन सुबह अचानक इसमें बदलाव किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए रवाना हुए और शाम को राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुए।