जागरण संवाददाता, पटना। छठ व्रत करने जा रहे हैं और घर के पास के घाट पर जाने की तैयारी है तो एक बार मोबाइल पर उसकी स्थिति जरूर देख लें। जिस घाट को आप वर्षों से अर्घ्य देने के लिए इस्तेमाल करते रहे हैं, वह इस बार खतरनाक या अनुपयुक्त घोषित हो सकता है।
ऐसे में श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाने व दुर्घटना की आशंका कम करने के लिए जिला प्रशासन ने छठ घाटों की डिजिटल मैपिंग की है। मोबाइल पर उपलब्ध इस डिजिटल मैप से श्रद्धालु न केवल नजदीकी घाटों की स्थिति, वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ले सकेंगे, बल्कि सुरक्षित घाट तक पहुंचने का रास्ता भी देख सकेंगे।