भुवनेश्वर वर्मा, सोनवा(श्रावस्ती)। पराली प्रबंधन किसानों के लिए बड़ी समस्या होती है। अब इसका आसान समाधान मिल गया है। श्रावस्ती जिले के खेतों में रामपुर जिले की कंपनी आधुनिक तकनीक की मदद से पराली एकत्र कर रही है। इस पराली से सीतापुर में बायोगैस बनेगी। रामपुर जिले की ढिल्लो एग्रो इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के मालिक बलविंदर सिंह 20 लोगों की टीम के साथ गिलौला क्षेत्र के 10-12 गांवों में किसानों से संपर्क कर उनके खेतों की पराली का मशीनों से प्रबंधन करा रहे हैं।