संवाद सहयोगी, धनवार, गिरिडीह। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधनवार का ऐतिहासिक राज छठ घाट इस वर्ष आकर्षक सजावट और धार्मिक झांकियों से जगमगा उठा है।
राजस्थान की स्थापत्य कला से प्रेरित भव्य सूर्य मंदिर का पंडाल, भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित वृंदावन की झांकी और नदी पर बने पुल को बांस से तैयार कर मंदिर का काल्पनिक स्वरूप देना इस बार मेले का विशेष आकर्षण बना हुआ है।
पुल पर बनाए गए इस अनूठे मंदिर के सबसे ऊपरी हिस्से में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित की गई है, जो दूर से ही श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। रंग बिरंगी रोशनी से सजा पूरा घाट परिसर इन दिनों भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।