जागरण संवाददाता, मथुरा। अगर आपको पशु चिकित्सा में अधिकारी एवं सेना में कैप्टन बनना है तो परेशान न हों। आप पांच वर्षीय बीवीएससी (बेचलर आफ वेटेरिनरी साइंस एंड एनिमल हसबेंड्री) की पढ़ाई कर डिग्री हासिल कर सकते हैं। ये बड़े काम की डिग्री है। इसके जरिए आप सरकारी विभागों में पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन अधिकारी एवं सेना में भी कैप्टन बन सकते हैं।
जिले के युवाओं को इसके लिए बाहर भी नहीं जाना होगा। क्योंकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान परिषद में ही महाविद्यालय है। अब तक यहां से एक हजार से अधिक युवा ये डिग्री कर सरकारी विभागों एवं निजी क्षेत्र में नौकरी कर अपना भविष्य बना चुके हैं।