जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी विधि संस्थान के मूट कोर्ट में संविधान दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते विधिक परिवेश में तकनीकी दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति ने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। इसके मूल्यों को केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय व्यवहार में उतारना जरूरी है। उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विधि के विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक कानूनों के साथ साइबर कानून और साइबर फॉरेंसिक की समझ भी जरूरी हो गई है।