राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के वोटों की सुरक्षा और राजनीतिक हिस्सेदारी से जोड़ते हुए भाजपा पर हमला तेज कर दिया है।
उन्होंने 25 लाख से अधिक डुप्लीकेट मतदाता खोजने का दावा कर चुनाव आयोग से इनाम मांगा तो भाजपा पर एसआईआर की आड़ में चुनाव लूटने की तैयारी का आरोप मढ़ा। बढ़ते अपराध को लेकर डीजीपी और मुख्य सचिव को हटाने की मांग की। महिला उत्पीड़न, फर्जी मुठभेड़ों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए 15 मिनट का दृश्य-श्रव्य (आडियो-विजुअल) प्रजेंटेशन भी दिया।