राज्य ब्यूरो, जम्मू। शिक्षा की सार्थकता केवल परीक्षा में बेहतर अंक हासिल करने या मेधावी विद्यार्थियों की सूची में स्थान बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक उद्देश्य ऐसी पीढ़ी तैयार करना है, जो ज्ञान के साथ विवेक, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी से भी समृद्ध हो। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को यह बात कहते हुए शिक्षा के व्यापक उद्देश्य पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उनमें स्वतंत्र रूप से सोचने, सही-गलत का अंतर समझने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की क्षमता विकसित की जानी चाहिए।