संवाद सूत्र, बबराला (संभल)। गुन्नौर तहसील क्षेत्र में इन दिनों तेंदुए की आवाजाही को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। यारा फर्टिलाइजर के आसपास के गांव मेहुआहसनगंज और नगला काजी में तेंदुआ दिखाई देने के दावे के बाद वन विभाग ने तीन स्थानों पर पिंजरे लगाए हैं। इसी बीच रविवार की सुबह बबराला की लोहिया कालोनी में तेंदुआ दिखाई देने की अफवाह से एक बार फिर दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी तहसील के अधिकारियों को फोन पर दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी।