जागरण संवाददाता, आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरशन (यूपीएमआरसी) ने बुधवार को दूसरे कॉरिडाेर पर प्री-आरडीएसओ आसिलेशन टेस्टिंग पूरी की। इस दौरान मेट्रो ट्रेन को 959 यात्रियों के बराबर भार के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर परखा गया। परीक्षण डिपो के एंट्री रैंप से सदर बाजार मेट्रो स्टेशन के बीच किया गया।
परीक्षण के दौरान ट्रेन में सैंड बैग यानी रेत से भरे बोरों को रखा गया। इनके माध्यम से ट्रेन में वास्तविक यात्रियों के वजन जैसी स्थिति तैयार की गई। ट्रेन में करीब 60 से 80 टन तक भार रखा गया। इसके बाद 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति पर ट्रेन का संचालन किया गया।