विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 1982 में हुए एक गोलीकांड में अभियुक्त गोपाल की दोषसिद्धि हत्या के प्रयास से घटाकर भारतीय दंड संहिता की धारा 324 में बदल दी है। आपराधिक अपील आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए कोर्ट ने अभियुक्त को परिवीक्षा अपराधी अधिनियम, 1958 की धारा चार का लाभ दिया। न्यायमूर्ति संतोष राय की एकलपीठ ने कहा कि अभियुक्त की उम्र लगभग 65 वर्ष है, उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और घटना को चार दशक से अधिक बीत चुके हैं।