राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर विपक्ष के 'वोट चोरी' के आरोपों और विरोध अभियान का जवाब देने के लिए भाजपा ने नई रणनीति तैयार की है। इसके तहत पार्टी राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर समाज के प्रबुद्ध और प्रभावशाली लोगों से सीधा संवाद करेगी।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 200 प्रमुख लोगों के घर जाकर भाजपा नेता और कार्यकर्ता उनसे मुलाकात करेंगे। इनमें श्रमिक, किसान, वकील, शिक्षक और चिकित्सक समेत विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान चार पन्नों की पुस्तिका के माध्यम से एसआईआर को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया जाएगा।