जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिले की पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी में पूरी तरह बदलाव हो गया है। एक-एक कर बदले गए सभी अफसरों में सिर्फ एसएसपी सतपाल अंतिल ही लंबे समय से जिले में जमे थे, जिनका शुक्रवार को तबादला हो गया। उन्हें एसएसपी अयोध्या जैसी महत्वपूर्ण तैनाती दी गई है।
वहीं अयोध्या की कुर्सी संभाल रहे डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई। मुरादाबाद में उनकी तैनाती के साथ दिलचस्प बात सामने आई। पता चला कि साल 2020 में जब वह मथुरा के एसएसपी थे, तब जिले के डीएम अनुनय झा वहां के नगर आयुक्त थे। ऐसे में मथुरा के बाद अब मुरादाबाद में अनुनय और डॉ. गौरव की जोड़ी एक साथ काम करते दिखेगी।