जागरण संवाददाता, जम्मू। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जम्मू के अरनिया सेक्टर में शनिवार सुबह एक पाकिस्तानी नागरिक को स्थानीय ग्रामीणों व सेना की सुरक्षा एजेंसी के एक कर्मी ने दबोच लिया। 25 वर्षीय पाकिस्तानी युवक सीमा पार कर घुस आया था और संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
युवक से पाकिस्तानी पहचान पत्र, एटीएम कार्ड, वीवो का मोबाइल फोन और 5100 पाकिस्तानी रुपये बरामद हुए हैं। अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां युवक से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह भारतीय सीमा में किस रास्ते से दाखिल हुआ और उसका यहां आने का मकसद क्या था।