जागरण संवाददाता, हिसार। प्रदेश में सर्दी का असर रात के तापमान पर दिखाई देने लगा है। महेंद्रगढ़ में रात का तापमान गिरकर 9.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। दूसरी ओर दिन के समय वायु प्रदूषण लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है।
शनिवार शाम चार बजे जारी वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) के आंकड़ों में धारूहेड़ा 305 के साथ प्रदेश में सबसे प्रदूषित शहर रहा। मानेसर में एक्यूआइ 286 और भिवानी में 277 दर्ज किया गया। प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है।