जागरण संवाददाता, आजमगढ़। फूलों की खेती को लेकर शासन ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में उद्यान विभाग का लक्ष्य पिछली बार से 12 हेक्टेयर बढ़ा दिया है। अब 24 हेक्टेयर में गेंदा के फूल की खेती होगी। इसके साथ ही ग्लैडियोलस की खेती के लिए भी पिछले वित्तीय वर्ष में जिले को लक्ष्य नहीं मिला था लेकिन इस बार तीन हेक्टेयर में ग्लैडियोलस की खेती किसान कर सकेंगे।
गेंदा और ग्लैडियोलस की खेती करने वालों को अनुदान भी मिलेगा। इसके साथ ही एकीकृत बागवानी मिशन के तहत एक हेक्टेयर में तुलसी की खेती भी होगी। उद्यान विभाग द्वारा किसानों को बीज और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। फूलों की खेती को सभी 22 ब्लाकों में कराया जाएगा।

गेंदा के फूल की खेती करने के लिए दो सौ से अधिक किसानों ने रजिस्ट्रेशन कर दिया है, इसके साथ ही ग्लैडियोलस की खेती करने के लिए भी दस किसानों ने आवेदन किया है। मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत 20 हेक्टेयर और अनुसूचित जाति/जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में औद्यानिक विकास योजना के तहत चार हेक्टेयर में गेंदा के फूल की खेती होगी।