डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में अगर आपका वोट नहीं बना है, वोटर लिस्ट में नाम या पता गलत है अथवा किसी तरह का संशोधन करवाना है तो कल रविवार को आपके पास अच्छा मौका है। प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगने वाले इन शिविरों में मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के साथ नए वोट के लिए पंजीकरण और विवरण में सुधार करवाया जा सकेगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत ये शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यहां मतदाता प्रारूप सूची में नाम और अन्य विवरण जांचने, नया नाम दर्ज करवाने, नाम-पते में संशोधन सहित संबंधित सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।