जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। टप्पेबाजी की एक घटना का पर्दाफाश करने में पुलिस के लिए उसका यक्ष एप कारगर साबित हुआ। 12 नवंबर को क्राॅसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में दो आरोपित एक युवक को झांसे में लेकर उसका मोबाइल और बैग लेकर फरार हो गए थे।
आरोपितों से 1.70 लाख रुपये भी बरामद किए
आरोपितों ने पीड़ित से डेबिट कार्ड पिन और यूपीआई पिन भी पूछ लिया था। इसके बाद एटीएम से नकद निकासी के साथ ही यूपीआई के जरिए भी रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपितों के फोटो यक्ष एप में डालकर चेक किए तो एक युवक के चेहरे का मिलान हो गया। इसके बाद आरोपित दबोच लिए गए। आरोपितों से 1.70 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।