जागरण संवाददाता, नयागांव। सोनपुर मेला केवल पशु व्यापार और धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों का भी अनूठा संगम है।
मेले में इन दिनों जम्मू-कश्मीर की वादियों की खूबसूरती और वहां की पारंपरिक हस्तकला की झलक भी देखने को मिल रही है।
नखास क्षेत्र से दक्षिण की ओर द्रौलिए सिंदूर चौक के बीच सजी कश्मीर हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट की दुकानें मेले में आने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। यहां पश्मीना शॉल, कश्मीरी स्वेटर, कंबल, पारंपरिक ड्रेस और खूबसूरत साड़ियों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है।

जम्मू एंड कश्मीर लेबर को-ऑपरेटिव सोसाइटी के तत्वावधान में लगाई गई इस दुकान के संचालक श्रीनगर निवासी नवाज मीर बताते हैं कि इस बार वे सोनपुर मेले में कई नए उत्पाद लेकर पहुंचे हैं। उनके स्टॉल पर 800 रुपये से लेकर 70 हजार रुपये तक के शॉल उपलब्ध हैं।