जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। दिन के करीब 12:30 बजे थे। रोज की तरह एनएच पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। सुप्रिया रोड के सारे दुकान खुले थे। हर ओर चहल-पहल थी। इसी बीच तीन बाइक पर सवार आठ अपराधी शोरूम के सामने पहुंचे और अपनी बाइक पार्क कर दिया।
ग्राहक की तरह तीन भीतर प्रवेश किए और पिस्टल निकाल शोरूम के प्रथम तल पर मौजूद कर्मचारियों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद अन्य अपराधी भी प्रवेश कर गए। सभी के हाथ में पिस्टल था। कर्मचारी डर के मारे थर थर कांपने लगे।