संवाद सहयोगी, जागरण, गोपेश्वर (चमोली)। शीतकाल के लिए भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट आज रात 9 बजकर 37 मिनट पर बंद होंगे। अब तक 23 लाख 30 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम के दर्शन किए हैं। बता दें कि भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम में रविवार को हुई ताजा बर्फबारी से बदरी पुरी सफेद चादर में ढक गई। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। भगवान बदरी विशाल के प्रति आस्था लेकर तीर्थयात्री बर्फ के फाहों के बीच सिंहद्वार के बाहर दर्शन के लिए कतार में खड़े रहे।