जागरण संवाददाता, हिसार। हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार व रविवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। अब सोमवार से उत्तरी हवाएं चलने के कारण ठंड बढ़ने के आसार हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी के बाद वहां से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों के तापमान को नीचे लाएंगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि शनिवार को हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद सहित प्रदेश के उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। रविवार को मौसम प्रणाली का असर भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और मेवात तक पहुंचा। इन क्षेत्रों में बिखराव वाली हल्की वर्षा दर्ज की गई।