डिजिटल डेस्क, रतलाम। दोस्त के दादा के घर चोरी करने पहुंचे चार युवकों में से एक की जान चली गई। दरअसल, वारदात के दौरान छीना-झपटी में गोलू कटारा को गर्दन के पास चाकू लग गया था। वह भागा लेकिन 100 मीटर दूर पहाड़ी के पास गिर पड़ा। साथी उसे उठाने पहुंचे और बेसुध देखकर मृत समझ लिया।
वे उसे जंगल की खाई में झाड़ियों के बीच छोड़कर भाग गए। करीब दो सप्ताह बाद रावटी क्षेत्र के जंगल में मिले कंकाल की पहचान गोलू के रूप में हुई। उसकी बहन ने कपड़ों से पहचान की है। आधिकारिक पुष्टि डीएनए जांच के बाद होगी।