संवाद सूत्र, मुजफ्फरनगर। भोपा थाना पुलिस ने शुकतीर्थ के खादर क्षेत्र में तीन कारों में सवार 20 युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से लाइसेंसी व गैर लाइसेंसी पिस्टल सहित एक दर्जन हथियार बरामद किए हैं। यह सभी बिजनौर के मंडावर क्षेत्र से शुकतीर्थ मार्ग से आते हुए गिरफ्तार किए गए। इनमें उत्तराखंड के थाना मंगलौर का हिस्ट्रीशीटर सुरेंद्र भी शामिल है।
मामला बिजनौर में एक जमीन पर कब्जे को लेकर चले आ रहे विवाद से जुड़ा होना बताया जा रहा है। गिरफ्तार युवकों में ग्राफिक ऐरा विश्वविद्यालय के छात्र भी शामिल हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ भोपा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

सीओ राधा रमन सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर में भोपा पुलिस को सूचना मिली कि बिजनौर जिले के मंडावर थाना क्षेत्र की ओर से तीन कारों में सवार कुछ युवक हथियार लेकर आ रहे हैं। शुकतीर्थ चौकी प्रभारी विवेक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुकतीर्थ क्षेत्र के खादर में लगभग तीन बजे चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक के बाद एक तीन संदिग्ध कारें आती दिखाई दीं। उन्हें रुकवाकर तलाशी ली तो उनमें से बड़ी संख्या में लाइसेंसी और अवैध हथियार व कारतूस बरामद हुए।