जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। धरती के कण-कण को अपनी दिव्य आभा, प्रकाश और जीवनदायिनी ऊर्जा से आलोकित करने वाले भगवान भास्कर की आराधना के महापर्व छठ की संध्या पर रविवार को लोक आस्था अपने चरम पर दिखाई दी। दिनकर की स्वर्णिम आभा पश्चिमी क्षितिज पर ओझल होने से पूर्व गंगा घाट, छठी मइया के मंगलगीतों से गूंजने लगे।
हाथों में पूजन सामग्री से सजे बांस के सूप लिए गंगा जल में खड़ी व्रती महिलाओं की अटूट आस्था के साथ चरम पर दिखी। गंगा के बालूघाट, बहरामगंज, शिवाला घाट, रामसरोवर पोखरा समेत क्षेत्र के विभिन्न जलाशयों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रतियों ने भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगलमय जीवन की कामना की।