जागरण संवाददाता, अमरोहा। वाराणसी की तर्ज पर तिगरी मेला में मां गंगा की आरती की जाएगी। मंत्रों की गूंज पूरे मेला स्थल में गूंजेगी। इसके अलावा प्रशासन द्वारा आरती का सजीव प्रसारण किया जाएगा। जो श्रद्धालु मेला स्थल पर नहीं पहुंच पाए हैं, वह घर बैठे ही आरती देख सकेंगे। इसके अतिरिक्त मेला में एक एकड़ जमीन में टेंट सिटी बसाई जाएगी।
बाहर से आने वाले श्रद्धालु किराया देकर उसमें ठहर सकेंगे। इस बार नवाचार की झलक भी मेला स्थल पर देखने को मिलेगी। गंगा चौक व किसान चौक के अलावा सैंड आर्ट, रंगोली श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेंगी।