जागरण संवाददाता, मेरठ। सराफा बाजार की नीलगली निवासी बंगाली कारीगर ने एक सर्राफ का 96.75 लाख रुपये कीमत का सोना हड़प लिया। जिस कारीगर पर सोना हड़पने का आरोप है कि उसकी दो दिन पूर्व जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई थी। सर्राफ ने मृत कारीगर व उसके बेटे पर सोना हड़पने का आरोप लगाते हुए थाना देहली गेट में नामजद तहरीर दी है।
कोतवाली के तीरगरान निवासी देवाशीष धारा ने बताया कि उनकी मोहल्ला चाहमेमरान में शंकारी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। वह कारीगरों को सोना देकर जेवरात तैयार कराते हैं। उन्होंने एक नवंबर को नीलगली के संत सिल्वर कांप्लेक्स निवासी मोन्टू एंड संस ज्वेलर्स के मालिक बंगाल निवासी जफीरुद्दीन मलिक व उसके बेटे फिरोज मलिक को जेवरात बनाने के लिए 681.39 ग्राम सोना दिया था। सोने की कीमत 96.75 लाख रुपये है। दोनों ने 10 नवंबर तक जेवरात बनाकर देने का वादा किया था।