जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को कचहरी स्थित टाउनहाल मैदान में जनचौपाल लगाएंगे। प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाली जन चौपाल की शुरुआत गोरखपुर महानगर से होगी। इसके लिए दीनदयाल नगर मंडल के माया बाजार शक्ति केंद्र स्थित टाउनहाल मैदान को चुना गया है। मुख्यमंत्री यहां जनचौपाल के माध्यम से लोगों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आयोजन की तैयारियों के क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने भाजपा महानगर टीम के साथ टाउनहाल मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं और आयोजन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। कार्यक्रम में लोगों की सहभागिता, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों को लेकर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियों को गति दी जा रही है।