जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के चकाड़ी पुल के पास बीते गुरुवार शिक्षक व राहगीरों से हुई लूट की वारदात में ओबरा पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश कर दिया। पकड़े गए आरोपितों के पास से लूट की रकम में शेष 3300 रुपये, दो मोबाइल और दो मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल दो अन्य युवक अभी पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश जारी है। बीते 12 नवंबर को चकाड़ी पुल के समीप शिक्षक सुपिंद्र कुमार सिंह सहित तीन राहगीरों को चंदा देने के बहाने रोककर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की थी। विरोध करने पर आरोपितों ने धमकाते हुए मोबाइल और नकदी छीन लिया था।